झारखंड के गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के केड़ेंग गांव में जमीन सीमांकन के दौरान राजस्व विभाग के एक कर्मचारी पर हमला किए जाने की घटना सामने आई है। राजस्व उप निरीक्षक सुजीत कुमार सिन्हा पर ग्रामीणों, खासकर महिलाओं के समूह ने हमला कर दिया और उन्हें दौड़ाकर पीटने का आरोप है।
इस मामले में पीड़ित कर्मचारी ने चैनपुर गुमला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में शेकुंदा किंडो, गुलेरिया किंडो और एडीसन किंडो को नामजद करते हुए करीब 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही कर्मचारी ने अपनी सुरक्षा को लेकर एसडीपीओ चैनपुर और भूमि सुधार उप समाहर्ता को भी लिगुमलाखित आवेदन सौंपा है।
मिली जानकारी के अनुसार, केड़ेंग गांव के निवासी शिव प्रसाद ने अपनी जमीन की नापी के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया था। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर 29 अप्रैल को राजस्व उप निरीक्षक के आदेश पर सुजीत सिन्हा टीम के साथ तेतरटोली इलाके में जमीन मापने पहुंचे थे।
इसी दौरान विवादित पक्ष के लोग अचानक उग्र हो गए और सरकारी काम को रोक दिया। आरोप है कि भीड़ में शामिल महिलाओं और पुरुषों ने पहले गाली-गलौज की और फिर चप्पलों से मारते हुए कर्मचारी को वहां से खदेड़ दिया।
घटना के समय हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर मौजूद पुलिस को भी पीछे हटना पड़ा। बताया जा रहा है कि अंचल कार्यालय द्वारा 17 अप्रैल को नोटिस जारी कर संबंधित पक्षों को सूचित किया गया था, इसके बावजूद कानून की अनदेखी करते हुए भीड़ ने यह हमला किया।
इस पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है, जिसमें हमलावरों की पहचान स्पष्ट रूप से हो रही है। यह वीडियो पुलिस को सौंप दिया गया है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना का नेतृत्व कर रही एक महिला पहले भी विवादों में रही है। बताया गया कि कुछ महीने पहले उसने थाना परिसर में आत्महत्या का प्रयास कर प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश की थी।
सबसे गंभीर बात यह सामने आई है कि उक्त महिला ने खुद को नुकसान पहुंचाकर राजस्व कर्मचारी को झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
