झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को होने वाले विशेष सत्र को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तैयारी शुरू कर दी है. विशेष सत्र से पहले मुख्यमंत्री 23 नवंबर को सत्ताधारी गठबंधन के विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक करेंगे. इसमें झामुमो, कांग्रेस, राजद और वाम दलों के विधायक शामिल होंगे. बैठक में सदन के भीतर सरकार की रणनीति, विधायकों के बीच समन्वय और विपक्ष के सवालों का जवाब देने की तैयारी पर चर्चा होगी.
मुख्यमंत्री बैठक के दौरान विशेष सत्र के एजेंडे और सदन में पेश किये जाने वाले प्रस्तावों व विधेयकों पर भी विधायकों से विचार-विमर्श करेंगे. सरकार की कोशिश है कि सत्र के दोनों दिन गठबंधन के सभी विधायक एकजुट रहें और सदन में सरकार का पक्ष मजबूती से रखें. इसके लिए विधायकों को सदन की कार्यवाही में सक्रिय भागीदारी निभाने और आपसी तालमेल बनाये रखने का संदेश दिया जा सकता है. बैठक में फ्लोर मैनेजमेंट पर भी चर्चा होने की संभावना है.
विधायकों से क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी लेंगे सीएम
बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विधायकों से उनके विधानसभा क्षेत्रों की जनसमस्याओं और विकास योजनाओं की स्थिति पर भी फीडबैक लेंगे. विधायक अपने-अपने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, लंबित योजनाओं और जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की जानकारी मुख्यमंत्री को देंगे. इससे सरकार को क्षेत्रीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं और विकास कार्यों की स्थिति समझने में मदद मिलेगी.
एसआइआर और एमएमडीआर संशोधन पर भी होगी चर्चा
विशेष सत्र में एसआइआर और एमएमडीआर संशोधन जैसे मुद्दे भी महत्वपूर्ण रहेंगे. इन विषयों पर विपक्ष की ओर से सदन में सवाल उठाये जाने की संभावना है. इसे देखते हुए सरकार पहले से अपनी तैयारी पूरी रखना चाहती है. बैठक में इन मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखने, विपक्ष के संभावित सवालों और उनके जवाब को लेकर भी चर्चा हो सकती है.
23 नवंबर को होने वाली बैठक के बाद विशेष सत्र में सरकार की प्राथमिकताओं और सदन के भीतर उसकी रणनीति की तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है.