रांची का JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रोमांच से जगमगाने को तैयार है। 30 नवंबर को यहां भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज़ का पहला मुकाबला खेला जाएगा। करीब तीन साल बाद रांची में वनडे मुकाबला होने जा रहा है, और क्रिकेट फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। पिछली बार 9 अक्टूबर 2022 को इसी मैदान पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से हराया था।
सूत्रों के अनुसार, इस बार मैच देखने के लिए दर्शकों को 10% ज्यादा टिकट दाम चुकाने पड़ सकते हैं। पिछली बार जहां टिकट की कीमत ₹1000 से ₹10000 के बीच थी, वहीं इस बार यह ₹1100 से ₹11000 तक रहने की संभावना है। हालांकि, आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी।
टिकट बिक्री और स्टेडियम की तैयारियां
JSCA के अधिकारियों के मुताबिक, टिकट बिक्री 25 या 26 नवंबर से शुरू होगी। टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से खरीदे जा सकेंगे।
ऑफलाइन बिक्री JSCA स्टेडियम के पश्चिमी गेट के पास बने काउंटर से होगी, जो सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे। दोपहर 1 से 2 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा।
इस बीच, स्टेडियम को मैच के अनुकूल बनाने का काम जोर-शोर से चल रहा है। रविवार की शाम फ्लड लाइट्स की तकनीकी जांच की गई ताकि मैच के दिन रोशनी की कोई दिक्कत न हो। JSCA अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने बताया कि दर्शकों की सुविधा, पार्किंग, सुरक्षा और बैठने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन की तैयारियों को लेकर लगातार बैठकें चल रही हैं।
JSCA का रिकॉर्ड और क्रिकेट फैंस की उम्मीदें
अब तक JSCA स्टेडियम में 6 वनडे, 3 टेस्ट और 4 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं। इसके अलावा यहां महिला क्रिकेट के भी कई अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित हो चुके हैं। रांची के क्रिकेट प्रेमी लंबे इंतजार के बाद टीम इंडिया को अपने शहर में खेलते देखने को उत्सुक हैं। उम्मीद है कि 30 नवंबर को स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा होगा और महेंद्र सिंह धोनी के शहर में फिर एकबार क्रिकेट का जुनून चरम पर होगा।