भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को राजधानी रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टी20 मुकाबला खेला जाना है। मैच को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सोमवार यानी 5 अक्टूबर से मैच के ऑफलाइन टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है। टिकट खरीदने के लिए लोग सुबह से ही बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
टिकट लेने के लिए झारखंड के अलग-अलग जिलों से क्रिकेट प्रेमी रांची पहुंचे हैं। कई लोग रविवार रात से ही टिकट काउंटर के आसपास पहुंच गए थे। हालांकि, नियम के अनुसार लोगों को सुबह 7 बजे से ही लाइन में लगाया जाना है। टिकट की बिक्री सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगी।

पांच काउंटर बनाए गए
ऑफलाइन टिकट बिक्री के लिए कुल पांच काउंटर बनाए गए हैं। इनमें महिलाओं और दिव्यांगों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है। सोमवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच ही महिला क्रिकेट फैंस की भी अच्छी-खासी भीड़ यहां जुट गई थी।
एक व्यक्ति को अधिकतम दो टिकट ही दिए जाएंगे। टिकट लेने के लिए लोगों में काफी उत्साह है। कोई टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ियों को देखने के लिए टिकट खरीद रहा है, तो कई फैंस खास तौर पर वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा को रांची में खेलते देखने की उम्मीद में टिकट लेने पहुंचे हैं।
आज और कल ही मिलेगा ऑफलाइन टिकट
जेएससीए स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी20 मुकाबले के लिए ऑफलाइन टिकट की बिक्री 5 और 6 अक्टूबर को होगी। इसके बाद ऑफलाइन टिकट की बिक्री बंद कर दी जाएगी।
9 अक्टूबर को होने वाले इस मुकाबले को लेकर रांची में अभी से क्रिकेट का माहौल बन गया है। टिकट काउंटर पर उमड़ी भीड़ से साफ है कि फैंस इस मुकाबले को लेकर काफी उत्साहित हैं।