झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को रांची के लोअर करमटोली स्थित पूर्व मंत्री दिवंगत विमला प्रधान के आवास पहुंचकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों, समर्थकों एवं प्रशंसकों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान और जनता के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने सिमडेगा समेत पूरे झारखंड के विकास के लिए लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई।

हेमंत सोरेन ने कहा कि विमला प्रधान का निधन झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने समाज के हर वर्ग और समुदाय के कल्याण के लिए काम किया और एक सजग एवं कर्मठ राजनेता के रूप में अपनी पहचान बनाई।

कुछ समय से चल रहा था इलाज

प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पूर्व मंत्री विमला प्रधान पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और रांची के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। वहीं, शुक्रवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया है।