झारखंड में राज्य स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। 15 नवंबर को झारखंड राज्य स्थापना दिवस के साथ भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनायी जायेगी। हालांकि, इसी दिन छठ व्रत भी है। ऐसे में राज्य सरकार ने सभी जिलों में जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है। इसके लिए सभी जिलों के उपायुक्त (डीसी) अपने-अपने स्तर पर तैयारियों में जुट गये हैं।

राज्य में अभी तक राज्य स्तरीय कार्यक्रम की रूपरेखा तय नहीं हो सकी है। मंगलवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में इस संबंध में बैठक होने की जानकारी है। सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए ही कार्यक्रमों का आयोजन किया जाये।
कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के लिए गठित कमेटी गुरुवार तक अपनी रिपोर्ट देगी। इसके बाद कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जायेगा। स्थापना दिवस के अवसर पर सभी जिलों में होर्डिंग लगाकर राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचायी जायेगी। इसके अलावा विकास मेला और अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।
सरकार का उद्देश्य स्थापना दिवस के माध्यम से आम लोगों को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देना है। इसके लिए सभी जिलों के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिये गये हैं।