झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार देर रात जामताड़ा में पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल ले जाते समय उसने हिरासत से भागने और पुलिस टीम पर फायरिंग करने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।

पुलिस के अनुसार, सुजीत सिन्हा को कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान जामताड़ा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर सुपायडीह के पास एस्कॉर्ट वाहन का टायर पंचर हो गया। पुलिस का दावा है कि दूसरी गाड़ी में शिफ्टिंग के दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए एक जवान की राइफल छीन ली और भागने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि भागने के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सुजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सुजीत सिन्हा झारखंड के चर्चित अपराधियों में शामिल था। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। वर्ष 2007 के चर्चित दोहरे हत्याकांड में उसे उम्रकैद की सजा भी सुनाई गई थी। हाल के वर्षों में उसका नाम धनबाद के फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क से भी जोड़ा जाता रहा है।

घटना के बाद Forensic Science Laboratory की टीम और जामताड़ा पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे घटनाक्रम की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।