झारखंड हाईकोर्ट के नवनियुक्त न्यायाधीश मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा ने बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक ने तीनों नवनियुक्त न्यायाधीशों को बारी-बारी से शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण से पहले हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा ने केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना और राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति वारंट का पाठ किया। इसके बाद तीनों न्यायाधीशों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
अखिल कुमार ने हिंदी में ली शपथ
शपथ ग्रहण के दौरान अखिल कुमार ने हिंदी में शपथ ली, जबकि मनोज प्रसाद और राम शर्मा ने अंग्रेजी में शपथ ग्रहण की। समारोह में हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के अलावा नवनियुक्त न्यायाधीशों के परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और अधिवक्ता भी मौजूद रहे।
तीनों न्यायाधीशों के शपथ लेने के साथ ही झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।