झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलन के बीच रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संभावित घेराव की सूचना और इंटेलिजेंस इनपुट को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास के आसपास करीब 500 मीटर के क्षेत्र में भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग की गई है।
सीएम आवास के आसपास कड़ी सुरक्षा
मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले कई रास्तों पर बैरिकेडिंग कर आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। सूचना भवन चौक से राम मंदिर चौक तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। वहीं, मुख्यमंत्री आवास से हॉटलिप्स चौक होते हुए रातू रोड की ओर जाने वाले मार्ग को भी बंद किया गया है।
कांके रोड पर यातायात प्रभावित होने के कारण मोराबादी और कचहरी चौक की ओर से आने वाले वाहनों को ऑड्रे हाउस और सिद्धो-कान्हो पार्क की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था में झारखंड जगुआर, जैप और दूसरे जिलों से बुलाए गए अतिरिक्त पुलिस बल को लगाया गया है। इलाके की निगरानी ड्रोन कैमरों से भी की जा रही है।
छात्रों ने सीएम आवास घेराव से किया इनकार
इधर, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे JPSC-JSSC सुधार मोर्चा के छात्र नेताओं ने मुख्यमंत्री आवास के घेराव की खबरों को भ्रामक बताया है। छात्रों का कहना है कि फिलहाल सीएम आवास के घेराव का कोई आधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है।
मोर्चा के नेताओं के मुताबिक, आंदोलन की आगे की रणनीति जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बताई जाएगी।
CBI जांच की मांग पर अड़े छात्र
JPSC-JSSC परीक्षा सुधार आंदोलन को करीब 20 दिन हो चुके हैं। सरकार की ओर से 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने समेत कई मांगें माने जाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन छात्रों का मुख्य जोर कथित परीक्षा अनियमितताओं की CBI जांच पर है।
आंदोलनकारी JPSC सिविल सेवा और JSSC-CGL परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक एवं पारदर्शी सुधार की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी है और प्रशासन किसी भी संभावित प्रदर्शन से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।