झारखंड की लाखों महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत सितंबर 2026 की किस्त लाभुकों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। सरकार के निर्देश पर अधिकतर जिलों में प्रत्येक लाभुक के खाते में 2,500 रुपये की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। शेष जिलों में भी अगले एक-दो दिनों में भुगतान पूरा होने की उम्मीद है। वहीं, दिवाली से पहले अक्टूबर की किस्त जारी करने की तैयारी भी शुरू हो गई है।

जिलों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, रांची में करीब 3.93 लाख और गुमला में 1.52 लाख महिलाओं को योजना की राशि मिल चुकी है। गिरिडीह में 4.56 लाख, जामताड़ा में 1.52 लाख और लातेहार में 1.29 लाख लाभुकों के खाते में पैसे भेजे गए हैं। चतरा में नौ अक्टूबर को भुगतान किया गया था। वहीं, धनबाद में करीब 3.46 लाख लाभुकों को 86.59 करोड़ रुपये दिए गए हैं। पाकुड़, कोडरमा, पलामू और रामगढ़ में भी राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।

शेष जिलों में जल्द पूरा होगा भुगतान

सामाजिक सुरक्षा विभाग के अनुसार, जिन जिलों में अब तक सितंबर की किस्त का भुगतान नहीं हुआ है, वहां भी जल्द राशि लाभुकों के खातों में पहुंचने की उम्मीद है। विभाग दिवाली से पहले अक्टूबर की किस्त जारी करने की तैयारी में जुटा है। इसके लिए दुर्गा पूजा के बाद सामाजिक सुरक्षा निदेशालय की ओर से जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश भेजे जाएंगे।

श्राद्धकर्म के बीच मुख्यमंत्री ने सुनीं लोगों की समस्याएं

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का श्राद्धकर्म उनके पैतृक गांव नेमरा में चल रहा है। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार श्राद्धकर्म और पारिवारिक अनुष्ठान में शामिल होने के साथ मुख्यमंत्री जनसरोकार से भी जुड़े हुए हैं। वह सरकारी कार्यों का निष्पादन करने के साथ आमलोगों की समस्याएं भी सुन रहे हैं।

मंगलवार को अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत और क्षेत्रीय समस्याएं लेकर नेमरा पहुंचे। मुख्यमंत्री ने लोगों की बातें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

दशकर्म और संस्कार भोज की तैयारियों की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने नेमरा स्थित अपने पैतृक आवास पर पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ बैठक कर दशकर्म तथा संस्कार भोज कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में हजारों लोगों के आने की संभावना है। इसे देखते हुए व्यापक इंतजाम किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने आगंतुकों की सुरक्षा, वाहनों की पार्किंग, यातायात व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं की समुचित तैयारी करने का निर्देश दिया, ताकि किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने रामगढ़ के गोला चौक पर छोटा गोलंबर बनाने का भी निर्देश दिया। इससे चारों दिशाओं से आने वाले वाहनों को मुड़ने में सुविधा होगी और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।