परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का के सुपुत्र भिन्सेंट एक्का को कृषि कार्य के लिए सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए ट्रैक्टर को वापस लिए जाने के मामले में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने त्वरित कार्रवाई की है। अखबार में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए मंत्री ने विभागीय अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद शनिवार को भिन्सेंट एक्का को ट्रैक्टर की चाबी ससम्मान सौंप दी गई।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि भिन्सेंट एक्का को मुख्यमंत्री के निर्देश पर कृषि कार्य के लिए सरकार की ओर से ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया था। उन्होंने कहा कि विभाग को समुचित जानकारी दिए बिना एजेंसी द्वारा ट्रैक्टर वापस ले जाना उचित प्रक्रिया नहीं थी। मामले में संबंधित एजेंसी को शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहीद परिवारों से जुड़े मामलों में सम्मान, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ निर्धारित प्रक्रिया के तहत काम किया जाए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में विभागीय नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि शहीद परिवार को किसी तरह की परेशानी न हो।

इस दौरान भिन्सेंट एक्का ने अधिकारियों के व्यवहार को लेकर अपनी आपत्ति भी मंत्री के समक्ष रखी और उचित कार्रवाई की मांग की। मंत्री ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि परमवीर चक्र विजेता शहीद लांस नायक अलबर्ट एक्का न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। उनके शौर्य और बलिदान को पूरा देश नमन करता है। उनके परिवार के सम्मान की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर गुमला जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा, चैनपुर प्रमुख प्रमोद खलखो, गुमला जिला कांग्रेस महासचिव अलबर्ट तिग्गा और पंचायत समिति सदस्य सुनीता एक्का उपस्थित थीं।