झारखंड में पुलिस सिपाही बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सिपाही (आरक्षी) भर्ती प्रक्रिया को लेकर जिलों और विभिन्न पुलिस इकाइयों से रिक्त पदों का संशोधित ब्योरा मांगा है। नई प्रक्रिया के तहत सिपाहियों की भर्ती दो चरणों में की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश के अनुसार, जिला बल के आरक्षी संवर्ग में मौजूद कुल रिक्तियों में से पहले चरण में 50 प्रतिशत पदों पर भर्ती की जाएगी। बची हुई 50 प्रतिशत रिक्तियों को दूसरे चरण में भरा जाएगा। यह व्यवस्था सामान्य आरक्षी पदों के लिए है, जबकि चालक, आर्मरर और बिगुलर जैसे विशेष पद इससे अलग रखे गए हैं।
15 दिनों में भेजनी होगी रिपोर्ट
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी, रेल एसपी और संबंधित इकाई प्रमुखों को 15 दिनों के भीतर अपने अधीन रिक्तियों में से 50 प्रतिशत पदों का रोस्टर क्लियर कराकर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है। संबंधित एसपी को अपने जिले के डीसी से रोस्टर का क्लीयरेंस भी कराना होगा। रिपोर्ट में नियमित और बैकलॉग रिक्तियों का अलग-अलग ब्योरा देना होगा।
दरअसल, पहले जिलों से सिपाही के रिक्त पदों की जानकारी मांगी गई थी, लेकिन पुलिस मुख्यालय की समीक्षा में कई जिलों की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में त्रुटियां मिली थीं। इन्हीं कमियों को दूर करने के लिए संशोधित रिपोर्ट मांगी गई है।

जल्द जारी हो सकता है भर्ती विज्ञापन
मुख्यालय से मांगी गई संशोधित रोस्टर रिपोर्ट मिलने के बाद पहले चरण की भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन और आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ होगा। हालांकि, आवेदन की तारीख और कुल पदों की संख्या की आधिकारिक घोषणा भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
इससे पहले झारखंड में 9,362 सिपाही पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए रोस्टर क्लियरेंस पर पुलिस मुख्यालय स्तर पर बैठक की जानकारी भी सामने आई थी।