झारखंड में मतदाता सूची को लेकर एक बार फिर विशेष अभियान चलाया जायेगा। राज्य के जिन पात्र मतदाताओं का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उन्हें अंतिम मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का एक और मौका मिलेगा। इसके लिए 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाया जायेगा। यह कैंप सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक चलेगा।

इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अभियान की तैयारी पूरी करने को कहा है।
अनुपस्थित और डुप्लीकेट मतदाताओं के मामलों का होगा निपटारा
18 नवंबर को लगने वाले कैंप में अनुपस्थित, शिफ्टेड और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची में शामिल लोगों के मामलों का निराकरण किया जायेगा। मतदाताओं की पात्रता का सत्यापन करने के बाद उन्हें अंतिम रूप से चिह्नित किया जायेगा। इसके अलावा सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ, बीएलओ-टू और चुनावी पाठशाला की छठी बैठक भी आयोजित की जायेगी।
अपात्र मतदाताओं की सूची होगी प्रकाशित
सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपात्र पाये गये व्यक्तियों की नामवार सूची फॉर्मेट-3 में प्रकाशित की जायेगी। बीएलओ मतदान केंद्रों पर उपस्थित लोगों के सामने इस सूची को पढ़कर सुनायेंगे। आम नागरिकों और राजनीतिक दलों से प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
छूटे हुए पात्र मतदाताओं को भरना होगा फॉर्म-6
निर्वाचन अधिकारियों ने उन पात्र मतदाताओं को फॉर्म-6 भरने का निर्देश दिया है, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। ऐसे मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों और घोषणा पत्र के साथ आवेदन करना होगा। बीएलओ प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि चिह्नित मतदाताओं की सूची निर्धारित प्रारूप में तैयार कर 19 नवंबर को सुबह 11 बजे तक उपलब्ध करायी जाये।