झारखंड में मानसून की सक्रियता के बीच बुधवार को कई इलाकों में बारिश और गरज के साथ वज्रपात की संभावना बनी हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ घंटों के दौरान गरज के साथ हल्की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अलर्ट में रांची, रामगढ़, बोकारो, चतरा, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, हजारीबाग, खूंटी, कोडरमा और सरायकेला-खरसावां समेत कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर गरज और बिजली चमकने के साथ मौसम खराब हो सकता है।

10 सितंबर से भी बारिश का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना का असर पूर्वी भारत के मौसम पर पड़ सकता है। झारखंड में भी आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। वहीं, ओडिशा में 9 से 11 सितंबर के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम को देखते हुए लोगों को आंधी-तूफान के दौरान खुले स्थानों, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी जाती है।