झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. अपराध अनुसंधान विभाग (CID) की जांच में सामने आया है कि प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए 454 अभ्यर्थियों ने अब तक अपनी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी जांच एजेंसी को उपलब्ध नहीं करायी है. वहीं, कुछ अभ्यर्थियों पर परीक्षा के बाद अपनी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी बिचौलियों को सौंपने का आरोप है. दस्तावेज मांगे जाने पर कई अभ्यर्थियों ने कॉर्बन कॉपी गुम होने की बात कही है.

2204 सफल अभ्यर्थियों में 1750 ने जमा की OMR शीट
14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में कुल 2204 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था. परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के दौरान सीआईडी ने सभी सफल अभ्यर्थियों से पेपर-1 और पेपर-2 की ओएमआर शीट की कॉर्बन कॉपी मांगी थी.
अब तक 1750 अभ्यर्थियों ने अपनी ओएमआर शीट जांच एजेंसी को सौंप दी है, जबकि 454 अभ्यर्थियों की कॉर्बन कॉपी अब तक नहीं मिल पायी है. सीआईडी ने इसके लिए 30 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक का समय दिया था. सार्वजनिक सूचना जारी कर अभ्यर्थियों से व्हाट्सएप और ईमेल के माध्यम से ओएमआर शीट की स्कैन कॉपी या स्पष्ट तस्वीर भेजने का अनुरोध किया गया था.
बिचौलियों को OMR शीट देने की बात आयी सामने
सीआईडी की जांच में यह बात सामने आयी है कि कुछ सफल अभ्यर्थियों ने परीक्षा समाप्त होने के बाद अपनी ओएमआर शीट की कॉर्बन कॉपी बिचौलियों को सौंप दी थी. बाद में जब जांच अधिकारियों ने उनसे दस्तावेज मांगे, तो उन्होंने कॉर्बन कॉपी गुम होने की बात कही.
सीआईडी की चार्जशीट में कुछ अभ्यर्थियों के बयान और उनके स्पष्टीकरण का भी उल्लेख किया गया है. इसमें उमाकांत उरांव, रोशन केरकेट्टा और मनोज कुमार ने अपनी कॉर्बन कॉपी गुम होने की बात कही थी. वहीं, ओमप्रकाश राणा और दिलीप कुमार राणा के स्पष्टीकरण को भी जांच एजेंसी ने संदेह के दायरे में रखा है.
ओएमआर शीट में कथित हेराफेरी की जांच के दौरान सीआईडी ने परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी फुटेज समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाये हैं. जांच एजेंसी ने अदालत में इन साक्ष्यों को पेश करते हुए परीक्षा समाप्त होने के बाद ओएमआर शीट में कथित बदलाव किये जाने की जानकारी दी है.
सीआईडी अब इस पहलू की पड़ताल कर रही है कि परीक्षा केंद्र से अभ्यर्थियों के बाहर निकलने के बाद ओएमआर शीट में कथित तौर पर किस तरह बदलाव किये गये. साथ ही, अभ्यर्थियों और बिचौलियों के बीच संपर्क कैसे स्थापित हुआ और इस पूरे मामले में किन लोगों की भूमिका रही, इसकी भी जांच की जा रही है.
JPSC के साथ JSSC CGL परीक्षा भी जांच के दायरे में
सीआईडी की जांच सिर्फ 14वीं जेपीएससी परीक्षा तक सीमित नहीं है. जांच के दौरान जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में भी कथित अनियमितताओं से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद एजेंसी ने अभ्यर्थियों और आम लोगों से सहयोग मांगा है.
सीआईडी ने अभ्यर्थियों से परीक्षा से संबंधित वीडियो, तस्वीरें और अन्य डिजिटल साक्ष्य उपलब्ध कराने की अपील की है. इसके लिए एजेंसी ने व्हाट्सएप नंबर 9934309058 और ईमेल आईडी complaintjpsc-cid@jhpolice.gov.in जारी की है. जांच एजेंसी ने सहयोग करने वाले लोगों की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन भी दिया है.
फिलहाल सीआईडी इस पूरे मामले में उपलब्ध दस्तावेजों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है. अदालत में पेश साक्ष्यों और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.