धनबाद के कतरास क्षेत्र में एक बार फिर भू-धंसान की घटना से लोगों में दहशत फैल गई। छाताबाद इलाके में तेज धमाके की आवाज के साथ जमीन धंसने लगी। घटना में 13 घर प्रभावित हुए और कई लोग घायल हो गए। अचानक जमीन फटने और मकानों के क्षतिग्रस्त होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के दौरान करीब 3:45 बजे तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद जमीन में दरार पड़ने लगी और देखते ही देखते आसपास के कई मकान इसकी चपेट में आ गए। खतरे को देखते हुए प्रभावित परिवार घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
घटना के दौरान कई लोगों को चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्रभावित परिवारों का कहना है कि जमीन धंसने की घटनाओं से क्षेत्र में लगातार भय का माहौल बना हुआ है। लोगों को आशंका है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
दो महीने में तीसरी बार भू-धंसान
स्थानीय लोगों के मुताबिक, छाताबाद इलाके में दो महीने के भीतर भू-धंसान की यह तीसरी घटना है। इससे पहले भी यहां जमीन धंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर बसाने की मांग की है। साथ ही भू-धंसान के कारणों की जांच कर स्थायी समाधान निकालने की मांग भी उठाई गई है।