झारखंड के लातेहार जिले में एक प्रेमी युगल का विवाह अदालत के निर्देश पर पुलिस सुरक्षा के बीच संपन्न कराया गया। दोनों पिछले सात वर्षों से साथ रह रहे थे और उनका एक बेटा भी है। परिवार के विरोध के चलते मामला अदालत तक पहुंचा था।

गुरुवार को लातेहार के अंबाकोठी स्थित प्राचीन देवी मंडप में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कराया गया। पुजारी दिलीप शुक्ला ने पूरे विधि-विधान से शादी कराई, जिसमें स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, चंदवा थाना क्षेत्र में दर्ज मामले में सीमा कुमारी ने रामपाल गंझू के खिलाफ शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि दोनों के बीच करीब सात वर्षों से प्रेम संबंध था और वे साथ रह रहे थे। इस दौरान उनका एक पुत्र भी हुआ।

बताया गया कि युवक के परिवार ने युवती को अपनाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद मामला थाने से होते हुए अदालत पहुंचा। बाद में युवती ने आपसी सहमति से विवाह कराने के लिए अदालत में आवेदन दिया। सुनवाई के बाद अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने दोनों के विवाह का आदेश दिया, जिसके बाद पुलिस सुरक्षा में शादी कराई गई।