झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में टांगीनाथ धाम से लौट रहे श्रद्धालु घायल हो गए। लातेहार थाना क्षेत्र के कोटाम मोड़ के पास श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु लातेहार प्रखंड के तरवाडीह गांव के निवासी हैं और टांगीनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोटाम मोड़ के पास चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया, जिससे पिकअप वैन सड़क पर पलट गई।
हादसे में बजरंग प्रसाद, सविता देवी, रोहित कुमार, रम्भा देवी, अनिता देवी, सोनी देवी और संतोष प्रसाद घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए सदर अस्पताल लातेहार पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बजरंग प्रसाद, रोहित कुमार और अनिता देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया है। अन्य घायलों का इलाज लातेहार सदर अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर लिया गया है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।