LPG गैस सिलेंडर से जुड़े नियमों में 1 मई 2026 से बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है। तेल कंपनियां हर महीने की शुरुआत में कीमतों की समीक्षा करती हैं, ऐसे में इस बार भी गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव देखने को मिल सकता है। हाल ही में घरेलू सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, जिसके बाद उपभोक्ताओं की नजर अब नई दरों पर टिकी है।
नए नियमों के तहत सबसे बड़ा बदलाव डिलीवरी सिस्टम में देखने को मिल सकता है। अब गैस सिलेंडर की डिलीवरी के समय ग्राहकों को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को डिलीवरी एजेंट को बताना अनिवार्य होगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य सही व्यक्ति तक सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित करना और गड़बड़ी को रोकना है।
इसके अलावा बुकिंग से जुड़े नियमों में भी बदलाव की बात कही जा रही है। शहरों में दो सिलेंडर बुकिंग के बीच कम से कम 25 दिनों का अंतराल और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों का गैप अनिवार्य किया जा सकता है। इसका मकसद जमाखोरी और अनियमित उपयोग को नियंत्रित करना है।
सरकार और तेल कंपनियां eKYC प्रक्रिया को भी अनिवार्य करने पर जोर दे रही हैं। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक आधार आधारित eKYC पूरा नहीं किया है, उन्हें सब्सिडी मिलने में दिक्कत हो सकती है। इसलिए ग्राहकों को जल्द से जल्द अपनी KYC प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
वहीं, जिन इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा उपलब्ध है, वहां उपभोक्ताओं को LPG कनेक्शन सरेंडर करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है। हालांकि, इन नियमों को लेकर अंतिम आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।