झारखंड की राजधानी रांची में बहुबाजार कनेक्टिंग फ्लाइओवर के लिए राहगीरों का इंतजार और लंबा होने वाला है. इस साल इसका निर्माण पूरा होने की उम्मीद नहीं है. चालू वित्तीय वर्ष में भी इसके तैयार होने की संभावना कम है. अनुमान है कि निर्माण कार्य पूरा होने में कम से कम छह माह और लगेंगे. इसके बाद ही कांटाटोली और सिरमटोली फ्लाइओवर आपस में जुड़ सकेंगे.
फिलहाल राहगीरों को दोनों फ्लाइओवर से उतरकर दूसरे फ्लाइओवर पर चढ़ना पड़ रहा है. कनेक्टिंग फ्लाइओवर बनने के बाद वाहन बिना नीचे उतरे सीधे दोनों फ्लाइओवर के बीच आवाजाही कर सकेंगे. इससे मेकन चौक से कांटाटोली तक का सफर भी आसान हो जायेगा.
अब तक 50 प्रतिशत ही हुआ है काम
बहुबाजार कनेक्टिंग फ्लाइओवर का निर्माण कार्य अब तक करीब 50 प्रतिशत पूरा हुआ है. योगदा सत्संग के पास से सिरमटोली चौक के आगे तक फ्लाइओवर का बेस तैयार हो चुका है. अब इसे कैटीलिवर के माध्यम से चारों ओर जोड़ने का काम बाकी है. कांटाटोली फ्लाइओवर की ओर एक तरफ के सभी पिलर तैयार हैं, जबकि दूसरी ओर बहुबाजार की तरफ पाइलिंग का काम चल रहा है.
वहीं, सिरमटोली सरना स्थल की ओर से निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है. इसके विपरीत दिशा में पिलर तैयार कर लिये गये हैं. ऐसे में निर्माण कार्य पूरा होने में अभी समय लगेगा.
जून 2026 तक पूरा होना था निर्माण
एग्रीमेंट के अनुसार, कनेक्टिंग फ्लाइओवर का निर्माण जून 2026 तक पूरा होना था. लेकिन भू-अर्जन सहित अन्य कारणों से काम में देरी हुई. इसके बाद निर्माण पूरा करने के लिए दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया था. अब यह समय भी पूरा होने वाला है, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा है. ऐसे में इसकी समय-सीमा फिर बढ़ानी पड़ सकती है.
206 करोड़ की लागत से बन रहा है फ्लाइओवर
बहुबाजार कनेक्टिंग फ्लाइओवर की लंबाई 1.25 किलोमीटर होगी. करीब 206 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण कराया जा रहा है. मेकन चौक से कांटाटोली चौक के आगे तक आवागमन आसान बनाने के लिए सिरमटोली और कांटाटोली फ्लाइओवर का निर्माण कराया गया है. हालांकि, दोनों के बीच का हिस्सा छूट जाने के कारण वाहनों को नीचे उतरकर दूसरे फ्लाइओवर पर चढ़ना पड़ता है.
कनेक्टिंग फ्लाइओवर बनने के बाद यह समस्या दूर हो जायेगी. इससे मेकन चौक से कांटाटोली तक की दूरी महज पांच से छह मिनट में तय की जा सकेगी.