दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले झारखंड के यात्रियों के लिए जल्द बड़ी राहत मिल सकती है। रेलवे ने रांची से बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए दो नई स्पेशल ट्रेनों का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इन ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर और सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बेंगलुरु सेक्शन में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के पूरा होने के बाद इन ट्रेनों के लिए स्लॉट उपलब्ध हो जाएगा। यह कार्य लगभग एक महीने में पूरा होने की संभावना है, जिसके बाद ट्रेनों के परिचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
प्रस्ताव के अनुसार रांची-बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को चलाई जाएगी। वहीं रांची-हैदराबाद स्पेशल ट्रेन का संचालन सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शनिवार को करने की योजना है।
रांची से बेंगलुरु जाने वाली ट्रेन बरकाकाना, गया, जबलपुर, नागपुर, काजीपेट और धर्मावरम होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। रेलवे शुरुआती चरण में इन दोनों सेवाओं को स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाएगा। यात्रियों की संख्या और प्रतिक्रिया के आधार पर बाद में इन्हें नियमित ट्रेन में बदला जा सकता है।
वर्तमान में हटिया-बेंगलुरु, धनबाद-एलेप्पी समेत दक्षिण भारत जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट रहती है। वहीं हवाई यात्रा का किराया भी काफी महंगा होता है। ऐसे में नई ट्रेन सेवाओं से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यवसायियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।