दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में 23 अक्टूबर को समाहरणालय सभागार में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें विधि-व्यवस्था, यातायात, स्वच्छता, विद्युत सुरक्षा और विसर्जन व्यवस्था की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

छठ घाटों पर NDRF और गोताखोर रहेंगे तैनात
उपायुक्त ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को सभी तालाबों एवं छठ घाटों का पूर्व निरीक्षण कर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित पहुंच मार्ग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। छठ घाटों पर जरूरत के अनुसार क्रेन की व्यवस्था भी की जाएगी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए NDRF और स्थानीय गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
तालाबों और छठ घाटों पर बांस से बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि छठव्रती सुरक्षित स्थान पर खड़े होकर अर्घ्य दे सकें। प्रशासन ने छठ घाटों पर स्विमिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रखने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, छठ पर्व से पहले घाटों तक पहुंचने वाली सड़कों की मरम्मत और सफाई भी कराई जाएगी।
दीपावली और काली पूजा पर भी रहेगी सख्ती
बैठक में दीपावली और काली पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई निर्देश दिए गए। अधिकारियों को प्रतिबंधित और असुरक्षित पटाखों की बिक्री एवं इस्तेमाल पर निगरानी रखने को कहा गया है। साथ ही, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर जोर दिया गया।
ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में पटाखे चलाने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने पूजा समितियों को अधिक से अधिक युवाओं को आयोजन से जोड़ने और व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से प्रशासन के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्युत सुरक्षा में लापरवाही, असुरक्षित पंडाल निर्माण, सुरक्षा मानकों की अनदेखी या विसर्जन नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत समेत नगर निगम, बिजली विभाग, अग्निशमन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ पर्व-त्योहारों को सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की है।