राजधानी रांची के मोरहाबादी वेंडर मार्केट में सोमवार को 24 घंटे के लिए दुकानें बंद रहेंगी। दुकानदार संघ ने नगर निगम के खिलाफ विरोध जताते हुए बंद का फैसला लिया है। संघ का आरोप है कि निगम के कर्मचारियों और गार्ड की ओर से अवैध रूप से पैसे की मांग की जाती है और राशि नहीं देने पर दुकानदारों को नोटिस जारी किए जाते हैं।
दुकानदारों ने मार्केट में कचरा, पानी, शौचालय और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी का भी मुद्दा उठाया है। उनका कहना है कि पर्याप्त कूड़ेदान नहीं हैं, शौचालय की नियमित सफाई नहीं होती और सेफ्टी टैंक की समस्या के कारण बदबू की परेशानी बनी रहती है।
इसके अलावा दुकानदारों ने बिजली की नियमित समस्या, खराब स्ट्रीट लाइट, कमजोर वायरिंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई है। संघ ने दिन में अतिरिक्त महिला गार्ड और रात में अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति की मांग की है।
दुकानदारों ने मासिक किराये में बढ़ोतरी का विरोध करते हुए बैठकर खाना खाने के लिए शेड और बेंच, बर्तन धोने के लिए अलग स्थान तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी है। संघ के मुताबिक इन मांगों को लेकर ही 24 घंटे की बंदी और विरोध का निर्णय लिया गया है।