दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए रांची रेल मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची से बेंगलुरु और शालीमार (कोलकाता) के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाएगा। इन ट्रेनों का परिचालन 14 अक्टूबर 2026 से शुरू होने की जानकारी दी गई है।

बुधवार और शुक्रवार को चलेगी शालीमार स्पेशल

रांची से शालीमार के लिए पूजा स्पेशल ट्रेन हर बुधवार और शुक्रवार रात 11 बजे रवाना होगी। ट्रेन मूरी, झालदा, बोकारो, भोजूडीह, आद्रा, बांकुड़ा, बिष्णुपुर और खड़गपुर होते हुए अगले दिन सुबह 8:30 बजे शालीमार पहुंचेगी।

वहीं, शालीमार से यह ट्रेन हर गुरुवार और शनिवार रात 10:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:15 बजे रांची पहुंचेगी। इन पूजा स्पेशल ट्रेनों को भविष्य में नियमित करने को लेकर अंतिम चरण की बातचीत चल रही है।

100 से ज्यादा फेरे लगाएंगी स्पेशल ट्रेनें

डीआरएम करुणा निधि सिंह और सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह के अनुसार इस बार पूजा स्पेशल ट्रेनें 100 से अधिक फेरे लगाएंगी। पिछले साल करीब 50 ट्रिप लगाए गए थे। यानी इस बार ट्रिप की संख्या लगभग दोगुनी होगी।

इसके अलावा अजमेर जाने वाली ट्रेन का पिस्का, एसएमवीबी और एलटीटी ट्रेनों का बालसिरिंग-बानो, जबकि मूरी की ओर जाने वाली ट्रेनों का नामकुम-टाटीसिलवे में ठहराव प्रस्तावित है।

10 अक्टूबर से खुलेगा स्टेशन का दक्षिणी द्वार

त्योहारी भीड़ को देखते हुए रांची स्टेशन का दक्षिणी प्रवेश द्वार 10 अक्टूबर से आंशिक रूप से खोला जाएगा। यहां दो टिकट काउंटर और चार एटीवीएम लगाए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल-यूटीएस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

जरूरत पड़ने पर प्लेटफॉर्म नंबर-6 से भी पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। रांची और हटिया स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण के लिए 24 घंटे वॉर रूम सक्रिय रहेगा।

प्लेटफॉर्म टिकट 20 रुपये करने का प्रस्ताव

त्योहारों के दौरान स्टेशन पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत 10 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये करने का प्रस्ताव है। इससे त्योहार के दौरान स्टेशन परिसर में यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।