रांची रेलवे स्टेशन से चार वर्षीय मासूम के लापता होने का मामला सामने आया है। लापता बच्चे की पहचान विवान कुमार के रूप में हुई है। बच्चा अपनी मां और छह वर्षीय बहन के साथ छत्तीसगढ़ लौटने के लिए रांची पहुंचा था। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस बच्चे की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां दिलमेत राजवाडे, जो छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर की रहने वाली हैं, गुरुवार सुबह दोनों बच्चों के साथ रांची रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। उन्हें अंबिकापुर जाने के लिए बस पकड़नी थी। इसी दौरान उन्होंने स्टेशन पर अपना सामान सीढ़ी और एस्केलेटर के पास रखा और ऑटो चालकों से बस स्टैंड का पता पूछने लगीं।
इसी बीच करीब सुबह 8:15 से 8:30 बजे के बीच चार वर्षीय विवान अचानक वहां से गायब हो गया। मां ने स्टेशन परिसर और आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने चुटिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
बच्चे के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्टेशन परिसर में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बच्चे के लापता होने के बाद उसकी गतिविधियों और आसपास मौजूद लोगों के बारे में जानकारी मिल सके।
मां ने आशंका जताई है कि किसी व्यक्ति ने उसके बच्चे को उठाकर कहीं ले गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और बच्चे की तलाश तेज कर दी गई है।
लापता बच्चे की पहचान
विवान की उम्र करीब 4 वर्ष है। उसकी लंबाई लगभग 3 फीट, रंग सांवला, बाल काले और छोटे हैं। सिर के बीच पुराने घाव के कारण एक स्थान पर बाल नहीं हैं। लापता होने के समय उसने आसमानी रंग की चेकदार हाफ शर्ट और सफेद चेकदार हाफ पैंट पहन रखी थी।