वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची निवासी राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को भारत पहुंच गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग ने विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास और वियतनामी अधिकारियों के साथ समन्वय कर उनके पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने की प्रक्रिया पूरी कराई।
राजा कुमार वर्मा रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित कैलाश नगर के रहने वाले थे और वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में काम कर रहे थे। 25 सितंबर को वियतनाम में हुई सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद उनका इलाज चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचा पार्थिव शरीर
राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर वियतनाम से कोलकाता एयरपोर्ट लाया गया। यहां आवश्यक दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे रांची लाने की व्यवस्था की गई। रांची जिला प्रशासन की ओर से उनके पार्थिव शरीर को पैतृक आवास तक पहुंचाने के लिए निश्शुल्क एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक राजा का पार्थिव शरीर रांची स्थित उनके घर नहीं पहुंचा था। परिजन और स्थानीय लोग उनके पार्थिव शरीर के रांची पहुंचने का इंतजार कर रहे थे।
परिवार ने प्रवासी नियंत्रण कक्ष से मांगी थी मदद
राजा के निधन की सूचना मिलने के बाद कैलाश नगर स्थित उनके घर में मातम पसरा हुआ है। परिवार और परिचितों की ओर से राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर पार्थिव शरीर भारत लाने में मदद की गुहार लगाई गई थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने तत्काल विदेश मंत्रालय, वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास और संबंधित वियतनामी अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर राजा का पार्थिव शरीर भारत लाया जा सका।
आश्रित को मिलेगी 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम विभाग की ओर से राजा कुमार वर्मा के आश्रित को मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के तहत 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार की इस सहायता से परिवार को आर्थिक संबल मिलने की उम्मीद है।
रविवार को अंतिम संस्कार की तैयारी
राजा की मौत की खबर के बाद से ही कैलाश नगर स्थित उनके घर पर स्थानीय लोगों और परिचितों का पहुंचना जारी है। शनिवार सुबह से देर रात तक लोग परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना देते रहे। परिवार के अनुसार, रविवार सुबह अंतिम संस्कार किए जाने की तैयारी है।