राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांतीय कार्यालय पर मंगलवार देर रात पेट्रोल बम से हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना 16 जून की रात करीब 12:36 बजे की बताई जा रही है। हालांकि हमलावर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और कार्यालय को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह जब स्वयंसेवक नियमित कार्यक्रम के लिए कार्यालय पहुंचे तो परिसर में कांच के टुकड़े और पेट्रोल से भरी टूटी हुई बोतलें मिलीं। इसके बाद कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें दो संदिग्ध युवक पेट्रोल बम फेंकने की कोशिश करते नजर आए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने चिल्ली सॉस की खाली कांच की बोतलों में पेट्रोल भरकर उन्हें पेट्रोल बम की तरह इस्तेमाल करने का प्रयास किया था। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, पहली बोतल फेंकने से पहले उसकी जलती हुई बत्ती नीचे गिर गई, जिससे आग नहीं लग सकी। दूसरी बोतल दीवार से टकराकर टूट गई, लेकिन उसमें भी विस्फोट नहीं हुआ।

घटना की सूचना मिलने के बाद रांची के एसएसपी राकेश रंजन और सिटी एसपी पारस राणा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से मिले अवशेषों को जब्त कर लिया है और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को जांच में लगाया गया है।

पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। शुरुआती जांच में कार्यालय के पास स्थित एक होटल के कर्मचारियों पर भी संदेह जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले साफ-सफाई समेत अन्य मुद्दों को लेकर संघ पदाधिकारियों और होटल प्रबंधन के बीच विवाद हुआ था।

घटना के बाद केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी सहित कई जनप्रतिनिधि RSS कार्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। भाजपा नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।