रांची: रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-सी में झारखंड और दिल्ली के बीच चार दिवसीय मुकाबला सोमवार, 26 अक्टूबर को जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम में खेला जायेगा। मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। घरेलू मैदान पर झारखंड की टीम बेहतर प्रदर्शन कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से उतरेगी। वहीं, दिल्ली की टीम भी इस मुकाबले में कड़ी चुनौती पेश करेगी।

झारखंड की कप्तानी विराट सिंह करेंगे, जबकि दिल्ली की कमान आयुष बडोनी के हाथों में होगी। झारखंड की टीम में विराट सिंह के अलावा रॉबिन मिंज, अनुकूल रॉय और कीनन कुरैशी समेत कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। टीम घरेलू मैदान पर बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।
झारखंड टीम में दो बदलाव
झारखंड और दिल्ली के बीच होने वाले मुकाबले के लिए झारखंड की टीम में दो अहम बदलाव किये गये हैं। प्रमुख बल्लेबाज शिखर मोहन का चयन इंडिया-ए टीम में होने के कारण उनकी जगह बोकारो के 33 वर्षीय बल्लेबाज कुमार देवव्रत को झारखंड की टीम में शामिल किया गया है। देवव्रत ने जनवरी 2024 में अपना आखिरी प्रथम श्रेणी मैच खेला था। उन्होंने 55 प्रथम श्रेणी मैचों में 32.51 की औसत से 2666 रन बनाये हैं। इसमें दो शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं।
इसके अलावा, साहिल राज की जगह रांची के शुभ शर्मा को टीम में जगह दी गयी है। झारखंड की टीम इस मुकाबले में बेहतर तालमेल के साथ मैदान पर उतरने की तैयारी कर रही है।
दोनों टीमों की नजर बेहतर प्रदर्शन पर
झारखंड के लिए घरेलू मैदान पर जीत दर्ज करना अहम होगा। टीम को बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी निरंतरता दिखानी होगी। वहीं, दिल्ली की टीम अपने अनुभवी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के दम पर झारखंड को कड़ी टक्कर देने की कोशिश करेगी।
झारखंड टीम: विराट सिंह (कप्तान), आदित्य सिंह, जतिन पांडे, मनीषी सिंह, रॉबिन मिंज, शौरभ शेखर, कुमार देवव्रत, सुशांत मिश्रा, अनुकूल रॉय, कीनन कुरैशी, प्रत्युष सिंह, शुभ शर्मा, शरणदीप सिंह भाटिया, भैरव सागर और उत्कर्ष सिंह।