झारखंड के गिरिडीह जिले में शादी से ठीक तीन दिन पहले लापता हुए युवक नीरज हाजरा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक का शव बिहार के जमुई जिले के बिचकोड़वा जंगल से बरामद होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस की कथित लापरवाही के विरोध में जमुआ-पचम्बा मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक के होने वाले साढ़ू को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी की तैयारी के बीच अचानक लापता हो गया नीरज

जानकारी के अनुसार, भीखोडीह गांव निवासी नीरज हाजरा राजस्थान में काम करता था। उसकी शादी 7 जुलाई को तय थी, जिसके लिए वह 4 जुलाई को घर लौटा था। जमुआ पहुंचने के बाद उसने पिता को बुलाकर सामान घर भेज दिया। इसी दौरान उसके होने वाले साढ़ू सुभाष पासवान ने उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद नीरज रहस्यमय तरीके से लापता हो गया।

बिहार के जंगल से मिला शव

परिजनों ने 5 जुलाई को जमुआ थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। कई दिनों की तलाश के बाद 9 जुलाई को बिहार के जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र स्थित बिचकोड़वा जंगल से नीरज का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेन्द्र कुमार के अनुसार, पुलिस जांच में सामने आया कि नीरज की हत्या उसके होने वाले साढ़ू सुभाष पासवान ने की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में पता चला कि सुभाष का नीरज की होने वाली पत्नी के साथ पिछले करीब ढाई वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी वजह से उसने शादी से पहले नीरज की हत्या कर शव बिहार के जंगल में फेंक दिया।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप, सड़क जाम

मृतक की मां बॉबी देवी और परिजनों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने समय पर गंभीरता नहीं दिखाई। उनका कहना है कि थाना प्रभारी ने खोजबीन में सुस्ती बरती और मदद मांगने पर असंवेदनशील जवाब दिया।

इसी से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को चितरडीह पहाड़ी के पास जमुआ-पचम्बा मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने जमुआ थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी

पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पुलिस की भूमिका की जांच की मांग पर अड़े हुए हैं।