झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल ₹22 लाख के इनामी तीन कुख्यात माओवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों में ₹15 लाख का इनामी रीजनल कमेटी सदस्य मदन महतो उर्फ शंकर उर्फ चारण, ₹5 लाख का इनामी सब-जोनल कमांडर रवि सिंह सरदार उर्फ सागर और ₹2 लाख की इनामी एरिया कमांडर मीना पहाड़िया उर्फ मीरा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार रवि सिंह सरदार सरायकेला के नीमडीह क्षेत्र का रहने वाला है और उस पर 42 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह वर्ष 2007 के सांसद सुनील महतो हत्याकांड का भी आरोपी है। वहीं मदन महतो पश्चिम बंगाल के मिदनापुर का निवासी है और उसके खिलाफ 35 से अधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार नक्सलियों की निशानदेही पर सुरक्षा बलों ने AKM-47 राइफल, इंसास राइफल, 9 एमएम पिस्टल, 500 से अधिक जिंदा कारतूस, कोडेक्स वायर, वॉकी-टॉकी, पुलिस बेल्ट, टॉर्च और एक मोटरसाइकिल समेत बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के नेतृत्व में झारखंड पुलिस, कोबरा 203 बटालियन, सीआरपीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया। पहले चरण में उदयपुर (टीलाडीह) क्षेत्र से रवि सिंह सरदार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर कांदरबेड़ा इलाके में छापेमारी कर मदन महतो और उसकी पत्नी मीना पहाड़िया को भी दबोच लिया गया।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से कोल्हान और दलमा क्षेत्र में सक्रिय माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ के आधार पर अन्य ठिकानों और सहयोगियों की तलाश में अभियान चला रही है।