झारखंड में अग्निशमन और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को रांची के धुर्वा स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान (गृह रक्षा वाहिनी परिसर) में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने झारखंड अग्निशमन सेवा के बेड़े में शामिल किए गए 58 अत्याधुनिक मिनी वाटर टेंडर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इन आधुनिक मिनी वाटर टेंडरों में अत्याधुनिक मिस्ट टेक्नोलॉजी का उपयोग किया गया है, जो कम पानी में भी आग पर तेजी से काबू पाने में सक्षम है। यह तकनीक पानी को बेहद महीन फुहारों के रूप में छोड़ती है, जिससे आग जल्दी ठंडी होती है, धुएं और अत्यधिक गर्मी पर भी प्रभावी नियंत्रण मिलता है तथा रेस्क्यू अभियान अधिक सुरक्षित और आसान हो जाता है।

इन वाहनों की सबसे बड़ी खासियत इनका कॉम्पैक्ट आकार है। संकरी गलियों, घनी आबादी वाले बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी ये आसानी से पहुंच सकते हैं, जहां बड़े दमकल वाहनों को पहुंचने में कठिनाई होती है। इससे आग लगने की घटनाओं में शुरुआती स्तर पर ही त्वरित कार्रवाई संभव होगी और नुकसान को कम किया जा सकेगा।

राज्य सरकार इन सभी 58 मिनी वाटर टेंडरों को विभिन्न जिलों में तैनात करेगी, ताकि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में अग्निशमन सेवाओं की पहुंच और क्षमता बढ़ाई जा सके। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बदलती जरूरतों के अनुरूप झारखंड की फायर सेफ्टी व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।