झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को रांची के प्रसिद्ध जोन्हा फॉल (गौतमधारा) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने झरने की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और पहाड़ों के बीच बहती निर्मल जलधारा की सराहना की। मुख्यमंत्री ने देश-विदेश के पर्यटकों से झारखंड की प्राकृतिक विरासत को करीब से देखने और यहां घूमने आने की अपील की।

रांची से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित जोन्हा फॉल राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। राढ़ू नदी की धारा लगभग 141 फीट की ऊंचाई से गिरकर मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करती है। जलप्रपात के समीप भगवान बुद्ध का मंदिर भी स्थित है, जिससे इस स्थल का धार्मिक महत्व भी बढ़ जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा और बेहतर कनेक्टिविटी विकसित कर रही है। उनका मानना है कि पर्यटन के विकास से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। जोन्हा फॉल सड़क और रेल, दोनों मार्गों से आसानी से पहुंचा जा सकता है, जिससे यह पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।