झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार (29 जून 2026) को रांची के टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में आयोजित समारोह में 1,042 नवचयनित इंटर और स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने सभी नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई देते हुए ईमानदारी, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने का आह्वान किया।

कुल 1,042 नियुक्तियों में 274 इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) और 768 स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 6 से 8) शामिल हैं। स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों में 387 सामाजिक विज्ञान, 231 गणित एवं विज्ञान और 150 भाषा विषय के शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। जिलावार नियुक्तियों में सबसे अधिक 123 शिक्षक पलामू, 92 गिरिडीह और 81 कोडरमा जिले में पदस्थापित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना है, ताकि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे सेवा को केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज निर्माण का माध्यम मानकर कार्य करें। यह नियुक्ति राज्य में चल रहे लगभग 26 हजार शिक्षकों की भर्ती अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत चरणबद्ध तरीके से नियुक्तियां की जा रही हैं।