झारखंड के दुमका जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सरैयाहाट प्रखंड सह अंचल कार्यालय के प्रधान लिपिक आनंद भारद्वाज को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में रिपोर्ट देने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, प्रधान लिपिक आनंद भारद्वाज ने शिकायतकर्ता से रिपोर्ट देने के बदले कुल 25 हजार रुपये की घूस की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर टीम ने ट्रैप बिछाया और जैसे ही आरोपी 5 हजार रुपये अग्रिम राशि के रूप में ले रहा था, उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ दुमका ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता की सूचना और सत्यापन के आधार पर पूरी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य में चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।