झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के असर से राज्य के कई जिलों में तापमान तेजी से गिर रहा है। रांची मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ने वाली है, जबकि 15 नवंबर तक झारखंड में कड़ाके की सर्दी पूरी तरह दस्तक दे देगी।
खूंटी, लोहरदगा, रांची, डाल्टनगंज और लातेहार जैसे जिलों में रात का तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। खूंटी वर्तमान में राज्य का सबसे ठंडा जिला बन गया है, जहां तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया है – जो पिछले दिन की तुलना में 4.8 डिग्री कम है। वहीं रांची का तापमान सामान्य से करीब 1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा, और सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। सुबह-सुबह बाहर निकलने वालों को गर्म कपड़े पहनने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग के मुताबिक, 8 नवंबर से तापमान में दोबारा गिरावट शुरू होगी और 10 नवंबर के बाद धुंध और बढ़ेगी।
जमशेदपुर (171 AQI), धनबाद (146 AQI) और बोकारो (120 AQI) में वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अब उत्तर दिशा की हवाओं के चलते झारखंड में नवंबर के दूसरे सप्ताह से सर्दी अपने पूरे चरम पर होगी।