लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) पलामू की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मनिका प्रखंड में कार्यरत पंचायत सेवक नागेश्वर रजक को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी गुरुवार को मनिका प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर से की गई।

जानकारी के अनुसार, मनिका प्रखंड की रांकीकला पंचायत निवासी प्रतिमा देवी के नाम पर 15वें वित्त आयोग योजना के तहत देवी स्थान के पास चबूतरा निर्माण के लिए 80 हजार रुपये की योजना स्वीकृत हुई थी। लाभुक ने निर्माण कार्य पूरा करने के बाद राशि भुगतान के लिए वाउचर और मस्टर रोल समेत सभी आवश्यक दस्तावेज जमा कर दिए थे।

आरोप है कि भुगतान प्रक्रिया पूरी करने के एवज में पंचायत सेवक नागेश्वर रजक ने प्रतिमा देवी से 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। रिश्वत देने में असमर्थ प्रतिमा देवी ने मामले की लिखित शिकायत पलामू ACB से की।

शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर गुरुवार को पंचायत सेवक को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी पंचायत सेवक को अपने साथ ले गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।