झारखंड के सैकड़ों उमराह यात्री सऊदी अरब के मक्का में पिछले 25 दिनों से फंसे हुए हैं। उनकी भारत वापसी में हो रही देरी से परिजन परेशान हैं। एयरलाइन और एजेंटों की ओर से असमर्थता जताए जाने के कारण यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं, सऊदी अरब में फंसे अपने परिजनों को आर्थिक सहायता भेजने में भी परिवारों को परेशानी हो रही है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने प्रभावित परिवारों से बातचीत की और उन्हें यात्रियों की सुरक्षित वतन वापसी के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को लिखा पत्र
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस मामले में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को पत्र लिखकर आवश्यक हस्तक्षेप करने और उमराह यात्रियों की सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही, भारतीय दूतावास और सऊदी अरब में भारतीय राजनयिक अधिकारियों के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से संपर्क साधने की पहल की जा रही है।
परिजनों को दिया मदद का भरोसा
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि विदेश में अपने परिजनों के फंसे होने से परिवारों की चिंता स्वाभाविक है। इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
मंत्री ने आश्वस्त किया कि प्रभावित परिवारों की परेशानी दूर करना और उमराह यात्रियों की सुरक्षित वतन वापसी के लिए आवश्यक पहल करना उनकी प्राथमिकता है।