झारखंड की राजधानी रांची से एक बेहद अनोखा मामला सामने आया है। जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र में एक ही युवक से शादी करने की मांग को लेकर उसकी दो प्रेमिकाएं थाने पहुंच गईं। दोनों युवतियों के बीच युवक को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला सीधे पुलिस तक जा पहुंचा।

जानकारी के अनुसार युवक का लंबे समय से दो अलग-अलग युवतियों के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों को जब एक-दूसरे के बारे में पता चला तो विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद दोनों युवतियां शादी की मांग को लेकर अनगड़ा थाना पहुंच गईं। थाना परिसर में काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक और दोनों युवतियों के परिजनों को थाने बुलाया। काफी देर तक चली बातचीत और सामाजिक स्तर पर समझौते के बाद युवक ने दोनों युवतियों को धोखा नहीं देने और दोनों से शादी करने की सहमति दे दी।

बताया जा रहा है कि इस फैसले को लेकर थाने में लिखित बांड भी भरा गया, जिसमें दोनों पक्षों की सहमति दर्ज की गई। हालांकि इस पूरे मामले ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है।

वहीं कानूनी जानकारों का कहना है कि हिंदू विवाह अधिनियम के तहत एक साथ दो शादियां वैध नहीं मानी जाती हैं। ऐसे में भविष्य में इस तरह के मामलों में कानूनी विवाद और पेचीदगियां सामने आ सकती हैं।