झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार 23 जून के आसपास मानसून राज्य के शेष हिस्सों में भी पूरी तरह फैल जाएगा। फिलहाल रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद और संथाल परगना समेत 11 से अधिक जिलों में मानसून सक्रिय हो चुका है।
मौसम केंद्र रांची द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 20 जून से 22 जून के बीच वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने के संकेत हैं।
मौसम विभाग ने 17 और 18 जून के लिए तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
पूर्वानुमान के अनुसार पलामू प्रमंडल के कुछ हिस्सों को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की जाएगी। लगातार बारिश के कारण अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
झारखंड में मानसून ने सबसे पहले संथाल परगना के साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका और देवघर जिलों के रास्ते प्रवेश किया था। इसके बाद यह गिरिडीह, पूर्वी सिंहभूम, रांची, बोकारो, धनबाद और हजारीबाग तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में पूरे राज्य को कवर कर लेगा।
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने तथा वज्रपात के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है।